सिंघोडा

सिघोडा:बैठक में नहीं आने की बात पर विवाद, महिला से गाली-गलौज का आरोप

सिंघोड़ा। महासमुंद जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पैकिन में महिला से अश्लील गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता सुनीता दीप (25 वर्ष) की लिखित शिकायत पर पुलिस ने गांव के प्रदीप छत्रे और राजू छत्रे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना 23 अक्टूबर 2026 की दोपहर करीब 12 बजे की है। पीड़िता के पति रोशन दीप को गांव की संतोषिनी तांडी एक बैठक में बुलाने आई थीं। उस समय पीड़िता ने परिवार में दादाजी का निधन होने और पति के अंतिम संस्कार में जाने की जानकारी दी। बाद में पति के घर लौटने पर पता चला कि मोबाइल पर गलती से व्हाट्सएप संदेश चले जाने के मामले को लेकर बैठक बुलाई जा रही थी।

पीड़िता के मुताबिक, उसी दिन शाम करीब 7 बजे संतोषिनी तांडी दोबारा उसके पति को बैठक में बुलाने आईं। इस पर पीड़िता ने परिवार में निधन होने के कारण तीन दिन का समय मांगा और तीज-कर्म के बाद बैठक में आने की बात कही। आरोप है कि इसी दौरान राजू छत्रे उसके घर के पास पहुंचा और अश्लील गाली-गलौज करते हुए उसके पति को जान से मारने की धमकी देने लगा।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसके बाद प्रदीप छत्रे भी घर के सामने पहुंचा और उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। दोनों के आक्रामक व्यवहार के कारण वह डर के चलते घर से बाहर नहीं निकली। बाद में उसने पड़ोस में रहने वाली प्रमिला चौहान को फोन कर बुलाया, जिसके पहुंचने के बाद माहौल शांत हुआ।

पीड़िता ने पुलिस से दोनों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर सिंघोड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!