महासमुंद:तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत

महासमुंद। जिले के खरोरा में हुंडई शोरूम के आगे एनएच-353 पर करीब छह माह पहले हुए सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले की जांच के बाद महासमुंद पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक हेमलाल रात्रे (34 वर्ष), निवासी ग्राम भिलौनी, थाना तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर, 11 मई 2026 को अपने भतीजे भीमराव रात्रे और पत्नी हेमलता रात्रे के साथ छुरा से कार में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। सुबह करीब 5 बजे खरोरा स्थित हुंडई शोरूम के आगे कार रोककर हेमलाल पेशाब करने के लिए कार के पीछे गए थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक CG06 HB 9642 के चालक ने तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में हेमलाल के सिर में गंभीर चोट आई।
घायल हेमलाल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 22 मई 2026 को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच की। मर्ग जांच में मोटरसाइकिल चालक की लापरवाही से दुर्घटना होना पाए जाने पर महासमुंद थाना में 31 अक्टूबर 2026 को आरोपी चालक के खिलाफ धारा 106(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध क्रमांक 0658/26 दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।





























