महासमुंद:नाली में पानी डालने को लेकर विवाद बाल पकड़कर जमीन पर गिराया, पीठ और दोनों कोहनियों में आई चोटें

महासमुंद। ग्राम खैरा के वार्ड क्रमांक 12 चंद्राकरपारा में नाली में पानी डालने की बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि एक युवक ने बुजुर्ग महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
मिली जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे बुजुर्ग महिला अपने घर से बाल्टी में पानी लेकर गली की नाली के पास मुंह धो रही थी। इसी दौरान गांव का शुभम चंद्राकर वहां पहुंचा और नाली में पानी डालने की बात को लेकर विवाद करने लगा। आरोप है कि युवक ने महिला को गंदी-गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर उसने महिला के बाल पकड़कर हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जमीन पर गिरा दिया।
मारपीट में महिला की पीठ और दोनों हाथों की कोहनियों में चोटें आई हैं। घटना के दौरान गंगा चंद्राकर एवं उनके पति जैलू चंद्राकर मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव किया। पीड़िता ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।






























