खल्लारी:हाड़ाबंद ओवरब्रिज पर बाइक की टक्कर से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत जानिए क्या है मामला

महासमुंद। खल्लारी थाना क्षेत्र के हाड़ाबंद ओवरब्रिज के पास 22 जून 2026 की रात सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए ग्राम बाघामुड़ा निवासी 35 वर्षीय ललित कुमार चंद्राकर की इलाज के दौरान मौत हो गई। मर्ग जांच के बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PV 1632 के अज्ञात चालक के खिलाफ धारा 281, 125(ए) एवं 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ललित कुमार चंद्राकर अपने दोस्त खोमन चंद्राकर के साथ मोटरसाइकिल से बाघामुड़ा से महासमुंद की ओर जा रहा था। 22 जून की रात करीब 9.30 बजे हाड़ाबंद ओवरब्रिज के पास एनएच-353 पर पीछे से आ रही पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PV 1632 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में ललित और खोमन सड़क पर गिर गए। खोमन को सामान्य चोट आई, जबकि ललित के सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं।
घायल ललित को 112 के माध्यम से जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया गया। इसके बाद रायपुर के निजी अस्पताल तथा डीकेएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में उपचार कराया गया। उपचार के दौरान 21 जुलाई 2026 को रात करीब 10 बजे उसकी मौत हो गई। इसके बाद रायपुर में पोस्टमार्टम कराया गया।
मर्ग जांच के दौरान मृतक के परिजनों, दोस्तों और मौके के गवाहों के बयान लिए गए। जांच में बाइक चालक द्वारा पीछे से टक्कर मारने और दुर्घटना के बाद मौके से चले जाने की बात सामने आई। मर्ग जांच पूरी होने पर खल्लारी पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।





























