महासमुंद:कलेक्ट्रेट के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवक घायल

महासमुंद। जिले में कलेक्ट्रेट के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। हादसा 25 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:15 बजे हुआ। घायलों को हाथ, पैर, कमर और कंधे में चोटें आई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम हथखोज, थाना फिंगेश्वर, जिला गरियाबंद निवासी युवक अपने भाई पुष्पेंद्र साहू के साथ ड्राइविंग का काम करने महासमुंद आया था। काम खत्म होने के बाद दोनों मोटरसाइकिल क्रमांक CG 23 L 2551 से अपने घर लौट रहे थे। बाइक युवक स्वयं चला रहा था। इसी दौरान कलेक्ट्रेट के पास पीछे से आ रही कार क्रमांक CG 04 HQ 8011 के चालक ने तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में बाइक चला रहे युवक के बाएं हाथ और बाएं पैर में चोट आई, जबकि उसके भाई पुष्पेंद्र साहू के दाहिने हाथ, कमर और दाहिने कंधे में चोटें लगी हैं। घटना के बाद युवक ने गौरखेड़ा निवासी टीकम ध्रुव और अपने परिजनों को फोन पर हादसे की जानकारी दी। इसके बाद मामले की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए संबंधित कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।






























