महासमुन्द:गुटखा मांगने की बात पर युवक से मारपीट, जान से मारने की धमकी

महासमुंद। ग्राम मुढेना निवासी रोशन निषाद ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 19 मई 2026 की रात लगभग 9 बजे वह गांव के भांठापारा स्थित बजरंग चौक में बैठा हुआ था। उसी दौरान गांव का चुन्नुलाल निषाद वहां पहुंचा और उससे खाने के लिए गुटखा मांगा। रोशन द्वारा गुटखा नहीं होने की बात कहने पर चुन्नुलाल ने दो दिन पहले दादू निषाद से हुए विवाद के बारे में पूछताछ की।
रोशन ने बताया कि पूर्व में उसकी बहन के साथ छेड़छाड़ की बात को लेकर दादू निषाद से विवाद हुआ था। इसके बाद चुन्नुलाल ने फोन कर दादू निषाद को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि दादू निषाद वहां पहुंचते ही अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा और हाथ में पहने चुड़ा से रोशन के सिर पर वार कर दिया।
पीड़ित के अनुसार इसके बाद चुन्नुलाल निषाद और दादू निषाद दोनों मिलकर उसके साथ मारपीट करते रहे तथा जान से खत्म करने की धमकी भी दी। किसी तरह वहां से बचकर रोशन अपने घर पहुंचा और उपचार के लिए जिला अस्पताल महासमुंद में भर्ती हुआ। इलाज के बाद उसने 20 मई 2026 को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
घटना को गांव के देवा निषाद द्वारा देखे और सुने जाने की बात कही गई है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



























