महासमुंद:मामूली बात पर चाकू निकाला, युवक की कलाई घायल

महासमुंद। ग्राम बेलसोंडा निवासी राकेश पारधी ने थाना महासमुंद में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 20 मई 2026 की दोपहर करीब 3 बजे वह अपने तीन वर्षीय बेटे आशीष पारधी को घर के बाहर गली में खिलाते हुए बैठा था। उसी दौरान उसके पास बसंत पारधी भी मौजूद था और दोनों बातचीत कर रहे थे।
रिपोर्ट के अनुसार, इसी बीच मोहल्ले का जितेश पारधी वहां पहुंचा और बिड़ी व माचिस मांगने लगा। राकेश ने बताया कि उसके पास बिड़ी नहीं है, लेकिन तंबाकू है जिसे वह दे सकता है। इस बात पर जितेश पारधी गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने अपनी पैंट की जेब से चाकू निकालकर राकेश पर हमला कर दिया।
राकेश के अनुसार, उसने पेट पर हो रहे वार से बचने के लिए अपना बांया हाथ आगे किया, जिस पर आरोपी ने लगातार तीन बार चाकू से हमला किया। हमले में उसकी बांयी कलाई में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी बसंत पारधी और शंकर पारधी निवासी झांकी अभनपुर बताए गए हैं। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल महासमुंद लाया गया। इलाज के बाद पीड़ित ने थाना महासमुंद पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






























