महासमुन्द:तेज रफ्तार कार की ठोकर से मासूम घायल, मामला दर्ज

महासमुंद। वार्ड नंबर 09 ग्राम कनेकेरा निवासी जया कोसरे ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह 12वीं तक शिक्षित गृहिणी हैं तथा उनके दो बच्चे विवेक कोसरे और तृषा कोसरे हैं।
पीड़िता के अनुसार दिनांक 19 मई 2026 को वह अपने दोनों बच्चों को लेकर आंगनबाड़ी के कार्य से गई थीं। सुबह लगभग 08 बजे काम समाप्त होने के बाद जैसे ही वह आंगनबाड़ी से निकलकर घर लौट रही थीं, उसी समय ग्राम भलेसर से कनेकेरा की ओर आ रही कार क्रमांक CG 12 AW 7200 के चालक ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनके बेटे विवेक कोसरे को सामने से ठोकर मार दी।
हादसे में विवेक कोसरे के बाएं हाथ की कोहनी तथा दोनों पैरों के घुटनों में चोटें आईं। घायल बच्चे को उसके पिता गजेंद्र कोसरे के साथ महासमुंद स्थित अकाल पुरख अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी गजराज कोसरे और तुलसीराम साहू बताए गए हैं। पीड़िता ने 20 मई 2026 को अपने पति के साथ थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ धारा 125(ए)-बीएनएस एवं 281-बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


























