महासमुंद:सार्वजनिक जमीन पर फेंसिंग लगाने को लेकर विवाद, दो लोगों से मारपीट

महासमुंद। ग्राम बिरकोनी में सार्वजनिक भूमि पर फेंसिंग तार लगाने को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान सरपंच सहित दो लोगों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत पर पुलिस ने धारा 115(2), 296 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 05, ग्राम बिरकोनी निवासी शिकायतकर्ता ठेकेदारी का काम करता है। 2 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 5 बजे ग्राम सरपंच चंदन चन्द्राकर से सूचना मिली कि सार्वजनिक भूमि पर लोकेश मेडिकल के संचालक लोकेश अग्रवाल द्वारा मजदूरों से फेंसिंग तार लगवाया जा रहा है। इस पर ग्रामीण गोवर्धन चन्द्राकर ने सार्वजनिक भूमि पर फेंसिंग लगाने से मना किया।
मामले की सूचना मिलने पर सरपंच चंदन चन्द्राकर, शिकायतकर्ता एवं अन्य पंच मौके पर पहुंचे। आरोप है कि सरपंच ने लोकेश अग्रवाल एवं उसकी मां ममता अग्रवाल को सार्वजनिक भूमि पर फेंसिंग लगाने से मना किया, जिस पर लोकेश अग्रवाल ने सरपंच से गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे शिकायतकर्ता के साथ भी ममता अग्रवाल द्वारा पीछे से सिर पर हाथ से मारपीट करने का आरोप है।
विवाद के दौरान डोलकुमार साहू, गिरीश चन्द्राकर, ओमप्रकाश, बलराम पटेल एवं नर्मदा सहिस ने बीच-बचाव किया। मारपीट में शिकायतकर्ता के सिर के पीछे चोट लगी, जबकि सरपंच चंदन चन्द्राकर के दाहिने कोहनी एवं पैर में चोट बताई गई है।
विवाद को शांत कराने के लिए पंचायत द्वारा मौके पर लगाए जा रहे फेंसिंग तार को जेसीबी की मदद से हटवा दिया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 115(2), 296, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



























