छत्तीसगढ़

सेवा का अध्याय पूरा, अनुभवों की विरासत रहेगी कायम

धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत 30 सितंबर को अधिवार्षिकीय सेवा आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए सात शासकीय सेवकों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन प्राधिकार पत्र, विभिन्न देय स्वत्वों के स्वीकृति आदेश एवं पौधा प्रदान कर सम्मानित किया।

सम्मानित होने वालों में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सोरम के प्राचार्य शंकर लाल देवांगन, शासकीय हाईस्कूल सोरम की व्याख्याता ज्योति बिबियाना मिंज, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला संकरी के व्याख्याता हरिराम गेंडरे, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला अटंग के व्याख्याता जीवन लाल साहू, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सिरसिदा के शिक्षक सुभाषचंद नागे, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भटगांव के शिक्षक गोविन्द राम मीनपाल तथा शासकीय हाईस्कूल गुहाननाला के सहायक ग्रेड-3 मोरजध्वज मरकाम शामिल हैं।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति शासकीय दायित्वों से विराम है, लेकिन वर्षों के अनुभव और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना से नहीं। सेवाकाल में अर्जित अनुभव परिवार, समाज और जनहित के कार्यों में उपयोगी साबित हो सकते हैं।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पौधा भेंट करना विशेष आकर्षण रहा। पौधे को नई शुरुआत और जीवन के अगले पड़ाव का प्रतीक बताया गया। समय पर पेंशन प्राधिकार पत्र एवं विभिन्न देय स्वत्वों के स्वीकृति आदेश मिलने पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने संतोष व्यक्त करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी एवं विभागीय अधिकारियों के प्रति आभार जताया।

उल्लेखनीय है कि अगस्त 2026 में सेवानिवृत्त हुए चार शासकीय सेवकों को भी पेंशन प्राधिकार पत्र जारी कर सम्मानित किया गया था। विभाग की इस पहल से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के प्रति सम्मान एवं संवेदनशील प्रशासन की भावना को बल मिला है।

कार्यक्रम में डॉ. रवीन्द्र नाथ मिश्र, यदुनंदन सिंह वर्मा, सहायक संचालक कीर्तिकुमार साहू, पेंशन शाखा प्रभारी रूपेन्द्र कुमार साहू सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!