गन्ना किसानों को बड़ी सौगात, अब 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी खरीदी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के गन्ना उत्पादक किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी अब 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने की घोषणा की है। इस निर्णय से प्रदेश के गन्ना किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा। साथ ही पेराई सत्र 2025-26 में पहले की गई गन्ना खरीदी का भुगतान भी बढ़ी हुई दर के अनुसार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय से शनिवार को भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान संगठन मंत्री मनीष शर्मा, महामंत्री नवीन शेष सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी मौजूद थे।
किसानों के हित में त्वरित निर्णय
प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा के दौरान प्रदेश के किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान गन्ना उत्पादक किसानों की समस्याओं और उनकी मांगों का विषय प्रमुखता से सामने आया। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल पहल करते हुए शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने का निर्णय लिया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अन्नदाता की खुशहाली ही समृद्ध छत्तीसगढ़ का आधार है। राज्य सरकार किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल दिलाने, खेती को लाभकारी बनाने और किसान परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कृषि को लाभकारी बनाना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में निरंतर काम कर रही है। छत्तीसगढ़ सरकार भी किसानों की आवश्यकताओं और समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। किसान हितों से जुड़े विषयों पर प्राथमिकता के आधार पर निर्णय लिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण समृद्धि में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेती-किसानी मजबूत होगी तो गांव मजबूत होंगे और गांवों की समृद्धि से ही छत्तीसगढ़ के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और कृषि सम्मानजनक एवं लाभकारी आजीविका का माध्यम बने।
भारतीय किसान संघ ने जताया आभार
गन्ना किसानों के हित में लिए गए इस निर्णय पर भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि गन्ने की खरीदी दर में वृद्धि से प्रदेश के गन्ना उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा और उन्हें अपनी मेहनत का बेहतर प्रतिफल प्राप्त होगा।






























