व्हीआईपी सुरक्षा वाहिनी में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 90 से अधिक पुलिसकर्मियों की जांच

रायपुर। व्हीआईपी सुरक्षा वाहिनी, माना-रायपुर में पुलिस अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारजनों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सेनानी श्रीमती पूजा अग्रवाल की पहल पर आयोजित शिविर में उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल, रायपुर की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने 90 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं जवानों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
शिविर में बीपी, ब्लड शुगर एवं ईसीजी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। इस दौरान डॉ. मृगेन्द्र सिंह (लैप्रोस्कोपिक सर्जन), डॉ. पंकज नरवडे (यूरोलॉजिस्ट) एवं डॉ. प्रफुल्ल महाकालकर (न्यूरो सर्जन) ने पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
चिकित्सकों ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, संतुलित आहार लेने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। शिविर को पुलिस बल के स्वास्थ्य संरक्षण एवं कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।






























