महांसमुद: 81 हजार उत्तर पुस्तिकाओं में लगभग 79 हजार की जांच पूरी

माध्यमिक शिक्षा मंडल से जिला समन्वय केंद्र को बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन के लिए मिले 81 हजार उत्तर पुस्तिकाओं में लगभग 79 हजार की जांच पूरी हो चुकी है और करीब तीन हजार उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन ही शेष है। जिसे दो दिनों के भीतर पूरा किया जाना है।
समन्वय केंद्र प्रभारी हेमेंद्र आचार्य के मुताबिक मंडल से 10 वीं, 12 वीं के कुल 81851 उत्तरपुस्तिकाएं मिली थी जिसमें 11 अप्रैल तक कुल 78888 की जांच शिक्षकों ने कर ली है और 2963 उत्तर पुस्तिकाएं शेष बची है। जिसे मूल्यांकन पूरा कराकर जल्द ही मंडल को भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि मूल्यांकन में करीब चार सौ शिक्षकों की ड्यूटी लगाई थी जिसमें विषय शिक्षक भी शामिल है। मूल्यांकन कार्य बीते 28 मार्च से प्रारंभ हुआ था। इसमें पहला चरण 28 मार्च से तीन अप्रैल और दूसरा चरण चार अप्रैल से प्रारंभ हुआ जिसमें 11 अप्रैल तक 78888 उत्तरपुस्तिकाएं द्वारा जांची गई।
जानकारी के अनुसार मंडल से जिला समन्वय केंद्र को 12 वीं की कुल 35616 और 10 वीं की 46235 उत्तरपुस्तिकाएं मिली थी। इसमें हाईस्कूल की कुल 872 संस्कृत की और 12 वीं में विज्ञान के तत्व एवं गणित, सफल प्रबंधन, उद्यानिकी, बाजार प्रबंधन, हेल्थ केयर और कृषि सहित अन्य व्यावसायिक विषयों की उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए शेष है। मंडल ने प्रत्येक शिक्षकों को प्रतिदिन 40 उत्तर पुस्तिकाओं के मल्यांकन करने के निर्देश दिए थे।


























