सांकरा:घरेलू विवाद में खूनी संघर्ष, पत्नी के भाई और चाचा पर मारपीट का आरोप

सांकरा। महासमुंद जिले के सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम ढोढरकसा में घरेलू विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। प्रार्थी राजेश साई (34 वर्ष) की शिकायत पर पुलिस ने कान्हा साहू एवं टिकेश्वर साहू के खिलाफ गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और मारपीट के आरोप में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 19 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच की है। प्रार्थी राजेश साई का अपनी पत्नी कृष्णा साई के साथ पुरानी घरेलू बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी ने अपने भाई कान्हा साहू और चाचा टिकेश्वर साहू को फोन कर बुला लिया। आरोप है कि घर पहुंचे कान्हा साहू ने राजेश साई के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। वहीं, टिकेश्वर साहू ने राजेश का हाथ पकड़ लिया।
इस दौरान राजेश के पिता नुराधन साई बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोप है कि टिकेश्वर साहू ने उनके साथ भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना में राजेश साई के सिर, बाएं हाथ और पीठ में चोटें आईं, जबकि उसके पिता के पीठ और चेहरे पर चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर सांकरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
























