भंवरपुर:सड़क हादसे में घायल वृद्ध की उपचार के दौरान मौत जानिए पुरा मामला

सड़क हादसे में घायल वृद्ध की उपचार के दौरान मौत, बाइक चालक पर अपराध दर्ज
भंवरपुर। ग्राम उडेला में सड़क किनारे पैदल जा रहे 76 वर्षीय वृद्ध को मोटरसाइकिल चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल वृद्ध की उपचार के दौरान रायपुर के अस्पताल में मौत हो गई। मर्ग जांच के बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AH 2268 के चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक ईश्वर सिदार पिता स्व. गरूण सिदार, उम्र 76 वर्ष, निवासी ग्राम उडेला 9 सितंबर 2025 को शाम करीब 4 बजे मोबाइल में रिचार्ज करवाने गांव की दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रोड किनारे मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AH 2268 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में ईश्वर सिदार के पैर एवं सिर में चोटें आईं।
घायल को प्राथमिक उपचार के लिए ओम अस्पताल सरायपाली में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर के बालाजी अस्पताल, दुबे कॉलोनी मोवा में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 2 अक्टूबर 2025 को सुबह 10.46 बजे उनकी मृत्यु हो गई। अस्पताल से मिले डेथ मेमो के आधार पर थाना पंडरी, रायपुर में मर्ग कायम कर शव पंचनामा की कार्रवाई की गई।
चौकी भंवरपुर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 123/26 की जांच में मर्ग इंटीमेशन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल निरीक्षण तथा परिजनों एवं गवाहों के कथनों के आधार पर मोटरसाइकिल चालक को वृद्ध की मौत के लिए जिम्मेदार पाया। इसके बाद चौकी भंवरपुर से बिना नंबरी नालसी थाना बसना भेजे जाने पर पुलिस ने धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।






























