भंवरपुर :विश्व आदिवासी दिवस पर भंवरपुर में दिखी आदिवासी संस्कृति की भव्य झलक

भंवरपुर । विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर भंवरपुर में सर्व आदिवासी समाज द्वारा भव्य कार्यक्रम एवं रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गढ़ शक्ति, पुरखा शक्ति एवं देवी-देवताओं की सेवा-अर्जी और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात मंडी प्रांगण से भव्य रैली निकाली गई, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए रानी दुर्गावती चौक पहुंची। यहां रानी दुर्गावती की प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
रैली के वापस मंडी प्रांगण पहुंचने के बाद सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य एवं उपसभापति देवकी पुरुषोत्तम दीवान ने की। सभा में आदिवासी समाज की कला, संस्कृति, परंपरा और गौरव को प्रदर्शित करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम के दौरान सर्व आदिवासी समाज के चयनित शासकीय कर्मचारियों एवं उत्कृष्ट प्रतिभावान युवाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने समाज की एकता, शिक्षा, युवाओं की भूमिका, संस्कृति के संरक्षण एवं सामाजिक विकास पर अपने विचार रखे। जयदेव भोई, उत्तम सिंह चंद्रवंशी, विष्णु मांझी एवं उसुम कुमार बरिहा के प्रेरणादायी वक्तव्यों ने उपस्थित लोगों को समाजहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय गोंडवाना समाज के अध्यक्ष देवेंद्र बहादुर सिंह एवं सरायपाली विधायक चातुरी डिग्री लाल नंद सहित सर्व आदिवासी समाज के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, शासकीय सेवक एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन पुरुषोत्तम दीवान, रोशन भोई एवं शंकर सिंह सिदार ने किया। आयोजन को सफल बनाने में गणेश सिदार, अमृत जगत, गजानन भोई, कृष्ण कुमार सिदार, मेनमोती सिदार, मनोज सिदार सहित समाज के अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी के सहयोग से विश्व आदिवासी दिवस का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।






























