बसना:पिरदा कॉलेज में गूंजा नशामुक्ति का संदेश, विद्यार्थियों ने ली शपथ

बसना। 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान के अंतर्गत शासकीय नवीन महाविद्यालय पिरदा में नशामुक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमृत लाल पटेल ने की। ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केंद्र बसना की प्रतिनिधि प्रीति दीदी एवं दामिनी दीदी बतौर अतिथि उपस्थित रहीं। अतिथियों ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले स्वास्थ्य, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता प्रीति दीदी ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के समस्त स्टाफ को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई गई।
कार्यक्रम का संचालन हिंदी के सहायक प्राध्यापक डॉ. अंकित भोई ने किया। आयोजन को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी मकरध्वज राणा एवं यूथ रेड क्रॉस सोसायटी के संयोजक नवीन कुमार साहू का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर प्राध्यापक बृजलाल पटेल, प्रविंद पटेल, अनिल कुमार दीवान, कश्यप प्रधान, सपना भोई सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं महाविद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।






























