बसना:बड़ी वारदात से पहले पुलिस की दबिश, हथियारबंद अंतरराज्यीय गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार

बसना। बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले पुलिस ने हथियारबंद अंतरराज्यीय गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बसना थाना पुलिस ने पलसापाली बेरियर पर सघन वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर की कार को रोककर तलाशी ली। इस दौरान आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, 3 लाख 25 हजार रुपये नगद और चार मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस ने परिवहन में प्रयुक्त कार समेत कुल करीब 19 लाख 25 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 9-10 अगस्त की दरमियानी रात पलसापाली बेरियर पर वाहन चेकिंग और पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही सफेद रंग की बिना नंबर की मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार को संदेह के आधार पर रोका गया। कार में चार लोग सवार थे। तलाशी लेने पर डैशबोर्ड/सीट के पास से .315 बोर का देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस मिले। वहीं एक बैग से 3.25 लाख रुपये नगद बरामद हुए। आरोपियों के पास से चार मोबाइल भी जब्त किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे कथित तौर पर ओडिशा के बलांगीर से गांजा खरीदने आए थे। पुलिस के मुताबिक रास्ते में किसी बाधा या पुलिस कार्रवाई से निपटने के लिए उन्होंने हथियार रखा था। गांजा सप्लायर से संपर्क नहीं होने के कारण वे गांजा लिए बिना ही नकदी रकम लेकर वापस लौट रहे थे।
पुलिस ने चारों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर थाना बसना में धारा 25 आर्म्स एक्ट एवं धारा 61(2)(क) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों में उमाशंकर शर्मा (41), आकाश काकर शर्मा उर्फ गोलू (27), शिवम शर्मा (26), तीनों जिला भिंड मध्यप्रदेश के निवासी तथा शनि सिंग उर्फ संदीप (32), निवासी आगरा उत्तरप्रदेश शामिल हैं।
जब्ती
3.25 लाख रुपये नगद
एक .315 बोर देशी कट्टा
तीन जिंदा कारतूस
करीब 15 लाख रुपये कीमत की मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार
चार मोबाइल, अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये
कुल जब्ती: करीब 19.25 लाख रुपये






























