महासमुंद:तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत, 11 माह का मासूम भी घायल

महासमुंद। ग्राम खट्टी (कोना) निवासी एक परिवार 29 अगस्त को मोटरसाइकिल से रायपुर जा रहा था। इसी दौरान सिरगिडी मोड़ के आगे पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में महिला और उसका 11 माह का बेटा सड़क पर गिरकर घायल हो गए। महिला के सिर में गंभीर चोट आई थी।
जानकारी के अनुसार, खट्टी निवासी युवक अपनी पत्नी तुलेश्वरी पटेल (28) और 11 माह के बेटे यदित्या पटेल को मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 CW 0738 पर बैठाकर खरियार रोड से रायपुर जा रहा था। करीब सुबह 9:30 बजे सिरगिडी मोड़ के आगे पहुंचने पर पीछे से आ रही स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HD 9650 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर से तुलेश्वरी पटेल और उसका बच्चा मोटरसाइकिल से उछलकर गिर गए। दोनों को उपचार के लिए सोहम अस्पताल महासमुंद में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान तुलेश्वरी पटेल की 8 सितंबर को सुबह 7:50 बजे मृत्यु हो गई। शिकायतकर्ता ने हादसे के लिए स्प्लेंडर चालक को जिम्मेदार बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।



























