भंवरपुर:दुकान का रोशनदान तोड़कर चोरी, नकद और मोबाइल पार

भंवरपुर। ग्राम नौगड़ी में अज्ञात चोर ने कंप्यूटर सेंटर एवं किराना दुकान का रोशनदान तोड़कर नकदी रकम और मोबाइल फोन चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत 17,500 रुपये बताई गई है। मामले में भंवरपुर चौकी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नौगड़ी निवासी कुंजबिहारी पटेल (27 वर्ष) भैंसाखुरी रोड पर कंप्यूटर सेंटर एवं किराना दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने 9 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7 बजे दुकान के गल्ले में 12,500 रुपये नकद और रियलमी कंपनी का पुराना मोबाइल, जिसकी कीमत करीब 5,000 रुपये है, रखकर दुकान में ताला लगा दिया और घर चले गए।
10 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे जब वे दुकान पहुंचे और ताला खोलकर अंदर गए, तो दुकान का रोशनदान टूटा हुआ मिला। जांच करने पर गल्ले में रखी 12,500 रुपये की नकदी और मोबाइल फोन गायब मिला। अज्ञात चोर रोशनदान तोड़कर दुकान में घुसा और चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
प्रार्थी की शिकायत पर चौकी भंवरपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) एवं 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।






























