किराना दुकान के सामने से बाइक चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध

सारंगढ़ । सारंगढ़ बस स्टैंड के पास उमेश किराना स्टोर्स के सामने खड़ी मोटरसाइकिल को अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। वाहन मालिक की शिकायत पर सारंगढ़ पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम साल्हे निवासी विक्रम जाटवर पिता जनीराम जाटवर 10 अक्टूबर 2026 को अपनी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BH 2671 से सामान खरीदने सारंगढ़ आया था। दोपहर करीब 1:57 बजे उसने अपनी मोटरसाइकिल उमेश किराना स्टोर्स के पास खड़ी की और राशन का सामान लेने दुकान के अंदर चला गया। सामान लेकर वापस लौटा तो मोटरसाइकिल गायब थी।
आसपास तलाश करने पर भी बाइक का पता नहीं चला। वाहन मालिक के अनुसार, चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। चोरी गई मोटरसाइकिल की कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





























