मंदिर के पास युवक पर पत्थर से हमला, सिर फोड़ा साइकिल भी तोड़ी, जान से मारने की धमकी

सारंगढ़। ग्राम खम्हारडीह में मंदिर के पास बैठे एक युवक के साथ मारपीट करने और उसकी साइकिल तोड़ने का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवक को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा पत्थर से सिर पर हमला कर उसे घायल कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी जयकुमार उरांव पिता टोपीलाल उरांव निवासी ग्राम खम्हारडीह ने थाना सारंगढ़ में शिकायत दर्ज कराई है कि 4 नवंबर 2026 की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच वह गांव के मंदिर के पास बैठा था। इसी दौरान गांव का प्रदीप एक्का वहां पहुंचा और उसकी साइकिल तोड़ दी। इसके बाद आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की तथा पत्थर से सिर पर वार कर सिर फोड़ दिया। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की और जान से मारने की धमकी दी।
घटना को गांव के शंकर उरांव एवं गुलशन उरांव ने देखा और सुना है। प्रार्थी की शिकायत पर थाना सारंगढ़ पुलिस ने आरोपी प्रदीप एक्का के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 324(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।





























