पिथौरा

युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और प्रगति का आधार होते हैं : स्वप्निल तिवारी

नंदकिशोर अग्रवाल,
काकाख़बरीलाल @पिथौरा। शासकीय चंद्रपाल डड़सेना महाविद्यालय में युवाओं की प्रतिभा, वैचारिक क्षमता एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत तात्कालिक प्रश्नोत्तरी एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी, कार्यक्रम प्रभारी एवं युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष विजय नायक, विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र पांडे, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला महामंत्री जीवन टांडी, प्रभारी प्राचार्य शेखर कानूनगो एवं डॉ. एस.एस. दीवान ने मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और उसकी प्रगति का आधार होते हैं। देश का भविष्य युवाओं के विचारों, संस्कारों, ज्ञान और उनके संकल्प पर निर्भर करता है। आज का समय केवल डिग्री प्राप्त करने का नहीं, बल्कि ज्ञान, कौशल, तर्कशक्ति और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का है।

उन्होंने कहा कि युवा संवाद जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी बात रखने, समसामयिक विषयों पर विचार करने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। तात्कालिक प्रश्नोत्तरी से युवाओं में सामान्य ज्ञान, जागरूकता एवं निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है, वहीं निबंध प्रतियोगिता विचारों को शब्दों में प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने का माध्यम बनती है।

श्री तिवारी ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में आज के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके लिए युवाओं को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी, राष्ट्रप्रेम, लोकतांत्रिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति के प्रति भी सजग रहना होगा।

युवाओं को दिग्भ्रमित करने वाले तत्वों से सतर्क रहने की अपील

श्री तिवारी ने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को सामाजिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों में भाग लेते समय विशेष रूप से सजग और विवेकशील रहने की आवश्यकता है। कई बार कुछ तत्व युवाओं को आंदोलनों के नाम पर गुमराह कर तोड़फोड़, हिंसा एवं अराजक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने का प्रयास करते हैं। युवाओं को ऐसे किसी भी बहकावे में आने से बचना चाहिए और किसी भी विषय की वास्तविकता को समझकर ही अपनी प्रतिक्रिया देनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति व्यक्त करना, सवाल पूछना और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन इसके साथ ही लोकतांत्रिक मर्यादाओं और कानून का पालन करना भी उतना ही आवश्यक है। किसी भी आंदोलन या विरोध प्रदर्शन में हिंसा, तोड़फोड़ अथवा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है। सार्वजनिक संपत्ति देश की सामूहिक धरोहर है और उसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे किसी के बहकावे में आकर अपने भविष्य और करियर को दांव पर न लगाएं। अपनी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, कौशल विकास, सामाजिक सेवा, रचनात्मक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण में करें। उन्होंने कहा कि जागरूक युवा वही है जो अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों को भी समझता है और लोकतांत्रिक व्यवस्था में सकारात्मक भूमिका निभाता है।

श्री तिवारी ने कहा कि प्रतियोगिताओं में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण उनमें भाग लेना, सीखना और स्वयं को बेहतर बनाना है। युवाओं को अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र एवं समाज के निर्माण में करना चाहिए।

निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेता हुए सम्मानित

कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए। निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्रिंसी विशाल, द्वितीय स्थान संस्कृति पाटकर एवं तृतीय स्थान लुभांशु ने प्राप्त किया। वहीं तात्कालिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान धर्मेंद्र, द्वितीय स्थान पार्वती सिदार एवं तृतीय स्थान रंजन साहू ने प्राप्त किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा स्मृति चिह्न एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर महाविद्यालय के पी.आर. ठाकुर, वी.एस. विशाल, सुश्री टिकेश्वरी ध्रुव, जितेन्द्र पटेल सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण, युवा मोर्चा के पदाधिकारी, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!