पिथौरा:पैदल जा रहे ग्रामीण को पल्सर ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान हुई मौत

पिथौरा। थाना पिथौरा क्षेत्र के ग्राम लाखागढ़ में करीब छह माह पहले हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की रायपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लाखागढ़ निवासी मंगलूराम कुर्रे (42 वर्ष), पिता सुकालू कुर्रे, दिनांक 11 मई 2026 को शाम करीब 7 बजे खाना खाने के बाद पैदल ढाबा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 QP 0851 के चालक ने तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मंगलूराम के सिर में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया। इसके बाद उन्हें डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 13 मई 2026 की शाम करीब 6:10 बजे उनकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच की। जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शी खेलन कुर्रे, नीलचंद कुर्रे एवं जितेन्द्र मिरी के बयान लिए गए। गवाहों के कथन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मंगलूराम की मौत सिर में आई गंभीर चोट के कारण होना पाया गया।
मर्ग जांच में पल्सर मोटरसाइकिल चालक की लापरवाही से दुर्घटना होना पाए जाने पर थाना पिथौरा में 6 नवंबर 2026 को अपराध क्रमांक 0285/26, धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।




























