महासमुंद:गोबर ले जाने से मना करने पर विवाद, ईंट से हमला कर पिता का सिर फोड़ा

महासमुंद। शहर के वार्ड नंबर 13 पंजाबीपारा में गोबर ले जाने से मना करने पर विवाद हो गया। विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने ईंट से हमला कर बुजुर्ग के सिर में चोट पहुंचा दी, जिससे उनके सिर से खून निकलने लगा।
मिली जानकारी के अनुसार, पंजाबीपारा निवासी सचिन यादव (29 वर्ष) ने थाना महासमुंद में शिकायत दर्ज कराई है कि 6 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे उसके पिता करण यादव अपने गोबर फेंकने के निर्धारित स्थान पर थे। इसी दौरान योगराज यादव अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा और गोबर ले जाने लगा। पिता करण यादव ने जब गोबर ले जाने से मना किया तो योगराज यादव और उसके साथी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि दोनों ने अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान योगराज यादव ने नीचे रखी ईंट उठाकर करण यादव के सिर पर मार दी, जिससे उनके सिर में चोट आई और खून निकलने लगा। घटना के बाद सचिन यादव ने थाना महासमुंद पहुंचकर लिखित शिकायत प्रस्तुत की और आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।





























