तुमगांव:अछोली के पास तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से मारी टक्कर, जेसीबी ऑपरेटर की मौत

तुमगांव। ग्राम अछोली के पास तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक बाइक चलाने के कारण हुए सड़क हादसे में 28 वर्षीय जेसीबी ऑपरेटर की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद आरोपी बाइक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जोबा निवासी मनोज कुमार बघेल (28 वर्ष), पिता शत्रुहन बघेल, पीकाडली एग्रो कंपनी ग्राम अछोली में जेसीबी ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। 23 अक्टूबर 2026 को काम समाप्त करने के बाद वह अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GW 7055 से घर लौट रहा था। इसी दौरान रात करीब 9 से 10 बजे के बीच गोपाल स्टोन इंडस्ट्रीज ग्राम अछोली के पास पीछे से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HF 8481 के चालक ने तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में मनोज के सिर एवं गले में गंभीर चोटें आईं। सूचना पर 112 वाहन की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव ले जाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर थाना तुमगांव में मर्ग क्रमांक 89/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर जांच की गई। प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के कथन एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पाया कि मृतक की मौत मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HF 8481 के चालक द्वारा तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर पीछे से टक्कर मारने के कारण आई गंभीर चोटों से हुई है।
पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के विरुद्ध धारा 106(1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।





























