पिथौरा :राइस मिल को चालू किया तो खुली चोरी की पोल, केबल ले उड़े चोर

पिथौरा। महासमुंद जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम पोटापारा स्थित व्हाइट गोल्ड राइस मिल से अज्ञात चोरों ने करीब 300 मीटर इलेक्ट्रिक केबल वायर चोरी कर ली। चोरी गए केबल की अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है। मिल संचालक राजकुमार अग्रवाल ने 11 अक्टूबर को पिथौरा थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, पिथौरा के वार्ड क्रमांक 11 निवासी राजकुमार अग्रवाल ग्राम पोटापारा में एनएच-53 के पास व्हाइट गोल्ड राइस मिल का संचालन करते हैं। मिल में पिछले 10 से 15 दिनों से मिलिंग का काम बंद था। इस दौरान मिल को दोबारा चालू करने के लिए कर्मचारियों और मिस्त्रियों का आना-जाना लगा हुआ था।
मिल संचालक के मुताबिक, 3 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे जब वे मिल पहुंचे और मशीन चालू कराई, तो वह चालू नहीं हुई। जांच करने पर पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मशीनरी से जुड़ी करीब 300 मीटर इलेक्ट्रिक केबल काटकर चोरी कर ली है। आसपास तलाश करने के बाद भी केबल का कोई पता नहीं चला।
इसके बाद मिल संचालक ने 11 अक्टूबर को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और अज्ञात चोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।






























