कोमाखान :सुवरमाल के पास ट्रक ने बाइक को पीछे से मारी टक्कर, तीन लोग गंभीर घायल

कोमाखान। महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र में ग्राम सुवरमाल के पास एनएच-353 पर ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन लोग घायल हो गए। हादसे में एक युवक के दाहिने पैर के घुटने में गंभीर चोट आई, जिसके बाद अस्पताल में उसका ऑपरेशन कर रॉड डाली गई। वहीं, एक अन्य घायल का महासमुंद के अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, ओडिशा के नुवापाड़ा जिले के ग्राम कोल्दा निवासी चित्रसिंग मांझी (28 वर्ष) 21 सितंबर 2026 को अपने रिश्तेदार उदयराम मांझी और सोनू मांझी के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक OD26-J-0609 से ग्राम भालूचुंवा में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद तीनों मोटरसाइकिल से वापस अपने घर लौट रहे थे। बाइक चित्रसिंग मांझी चला रहे थे, जबकि उदयराम मांझी और सोनू मांझी पीछे बैठे थे।
शाम करीब 5 बजे ग्राम सुवरमाल के पास एनएच-353 पर पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 04 NH 6333 के चालक ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में चित्रसिंग मांझी, उदयराम मांझी और सोनू मांझी घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा ले जाया गया, जहां से उन्हें महासमुंद के सोहम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चित्रसिंग मांझी के दाहिने पैर के घुटने का ऑपरेशन कर रॉड डाली गई। उन्हें 25 सितंबर को अस्पताल से छुट्टी मिल गई, जबकि सोनू मांझी का अस्पताल में उपचार जारी है। उपचार के बाद घर लौटकर चित्रसिंग ने 11 अक्टूबर को कोमाखान थाने में लिखित आवेदन देकर ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



























