महासमुंद:स्कूल की छुट्टी के बाद छात्रों पर हमला, बांस के डंडे से की मारपीट जान से मारने की धमकी

महासमुंद। स्कूल की छुट्टी के बाद घर जा रहे कक्षा 12वीं के दो छात्रों के साथ पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने दोनों छात्रों को बांस के डंडे से पीटकर घायल कर दिया। वहीं स्कूल के प्राचार्य एवं शिक्षक के मौके पर पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 02 इमलीभांठा महासमुंद निवासी कक्षा 12वीं का छात्र 2 नवंबर 2026 को स्कूल गया था। शाम करीब 5 बजे छुट्टी होने के बाद वह अपने क्लासमेट मोहन धृतलहरे के साथ घर जाने के लिए निकला था। दोनों स्कूल गेट के पास पहुंचे ही थे कि समीर निषाद, मानव एवं एक अन्य बड़ा बच्चा दौड़ते हुए वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद आरोपियों ने बांस के डंडे से दोनों छात्रों की पिटाई शुरू कर दी।
मारपीट होते देख स्कूल के प्राचार्य अमी रूफस एवं शिक्षक रौनक अग्रवाल मौके पर पहुंचे। उन्हें आता देख आरोपी वहां से भाग निकले। जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि आज तो बच गया, नहीं तो जान से मार देते।
मारपीट में शिकायतकर्ता के बाएं हाथ की हथेली, कंधे एवं दोनों पैरों में चोट आई है। वहीं मोहन धृतलहरे के कंधे एवं दोनों पैरों में भी चोट लगने की बात कही गई है। घटना के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।































