बरमकेला:गोमर्डा अभ्यारण्य में दो लोगों से लूट जानिए पुरा मामला

बरमकेला। गोमर्डा अभ्यारण्य के जंगल में वॉच टावर के पास दो अज्ञात आरोपियों ने एक व्यक्ति और महिला के साथ गाली-गलौज व मारपीट कर नगदी एवं सोने का मंगलसूत्र लूट लिया। घटना 18 सितंबर की सुबह करीब 11:30 बजे की बताई गई है। पीड़ित की शिकायत पर बरमकेला पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 309(6), 296, 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम गुड़ेली निवासी चंद्रकुमार नेताम (57) अपनी पहचान की राजकुमारी पटेल निवासी ग्राम हिच्छा के साथ स्वीफ्ट कार से सारंगढ़ एसडीएम कार्यालय जा रहे थे। पेशी दोपहर बाद होने की जानकारी मिलने पर दोनों निजी कार्य से बरमकेला की ओर निकले। इसी दौरान वे गोमर्डा अभ्यारण्य के बीच स्थित वॉच टावर के पास पहुंचे और जंगल का नजारा देखने के लिए टावर पर चढ़ गए।
इसी दौरान दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और दोनों से बदतमीजी करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद चंद्रकुमार की शर्ट की जेब में रखे 5,300 रुपये नगद तथा राजकुमारी पटेल के गले में पहना करीब 15 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र, जिसकी कीमत करीब 1.72 लाख रुपये है, जबरन लूटकर दोनों आरोपी जंगल की ओर भाग गए।
चंद्रकुमार ने पुलिस को आरोपियों का हुलिया भी बताया है। एक आरोपी करीब 25 वर्ष का, गोरे रंग, नाटे कद, गोल चेहरे और घुंघराले बाल वाला था। उसने खाकी फुल पैंट और हरे रंग की शर्ट पहन रखी थी। दूसरा आरोपी करीब 30 वर्ष का, सांवले रंग, लंबे कद और लंबे चेहरे वाला था, जिसने आसमानी हॉफ जींस पैंट और लाइनिंग फुलशर्ट पहन रखी थी। पुलिस आरोपियों की तलाश और घटना की जांच में जुटी है।






























