सरायपाली:थाने में नाम बताने से भड़के युवक, मोबाइल दुकान से स्कूटी में बैठाकर ले गए और जमकर पीटा

सरायपाली। थाना सरायपाली क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर दो युवकों द्वारा एक युवक के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 11 बाजारपारा सरायपाली निवासी युवक बस स्टैंड स्थित शकील मोबाइल दुकान में रिपेयरिंग का काम करता है। 2 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे वह दुकान के सामने पहुंचा, जहां झिलमिला निवासी शेख अमन और वार्ड नंबर 10 बाजारपारा निवासी शेख समीर पहले से खड़े थे। युवक को देखते ही दोनों ने थाना में उनका नाम बताने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया और अश्लील गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि दोनों युवकों ने मिलकर पीड़ित को जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद आरोपी उसे अपनी स्कूटी में बैठाकर मदरसा कॉम्प्लेक्स सरायपाली के पास ले गए, जहां दोबारा गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना में पीड़ित के बाएं हाथ और गाल में चोट आई है।
घटना के दौरान हासिम खान, गुलनार खान एवं रहबर खान ने बीच-बचाव किया। पीड़ित ने परिवार से सलाह लेने के बाद 3 नवंबर को थाना सरायपाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(2)-BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया है।































