दीपावली के मद्देनजर बसना एवं पिथौरा के मिठाई दुकानों और रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई

काकाखबरीलाल@डेस्करिपोर्टर। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा मिलावट पर नियंत्रण के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए जा रहे हैं तथा स्वच्छता संबंधी कमियां पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 30 अक्टूबर 2026 को बसना बस स्टैंड स्थित मेसर्स चिंटू वीरे दा रेस्टोरेंट से पके बिरयानी चावल का विधिक नमूना संकलित किया गया। रेस्टोरेंट के किचन में स्वच्छता का अभाव पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा की गई। इसके साथ ही मेसर्स सत्कार स्वीट्स एवं मेसर्स बीकानेर स्वीट्स, बसना का भी निरीक्षण किया गया।
इसी तरह 02 नवंबर 2026 को पिथौरा स्थित मेसर्स पराग स्वीट्स से भुंजा पेड़ा, काजू कतली एवं पेड़ा के निगरानी नमूने लिए गए। वहीं मेसर्स प्रतीक स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट के निर्माण परिसर का निरीक्षण कर पेड़ा का विधिक नमूना संकलित किया गया। यहां किचन में स्वच्छता की कमी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा की गई है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि दीपावली पर्व के दौरान मिठाइयां एवं अन्य खाद्य सामग्री विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से ही खरीदें। पैकेटबंद खाद्य पदार्थ खरीदते समय निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि एवं लेवल पर अंकित अन्य आवश्यक जानकारियों की जांच अवश्य करें। खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी अनियमितता की जानकारी मिलने पर विभाग को सूचित करें। विभाग द्वारा नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दीपावली पर्व के दौरान विशेष जांच अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा।































