सरायपाली:अमरकोट जोन स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में अनिशा प्रथम

सरायपाली। सेवा संकल्प अभियान के तहत जोन अमरकोट में जोन स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जोन अंतर्गत आने वाले 9 संकुलों के विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्राथमिक स्तर की भाषण प्रतियोगिता में शासकीय प्राथमिक शाला बिजातीपाली की छात्रा कु. अनिशा मानिकपुरी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं संकुल का नाम रोशन किया। वहीं माध्यमिक स्तर की भाषण प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय केदुवां के छात्र मिथलेश चौहान ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में जिला महासमुंद से डीएमसी रेखराज शर्मा, एपीसी सिन्हा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सरायपाली टीकमचंद पटेल एवं बीआरसीसी देवानंद नायक की उपस्थिति रही। अधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर संकुल समन्वयक घनश्याम दास, घनश्याम पटेल एवं सहायक शिक्षक निर्मल कुमार मेहेर ने विद्यार्थियों को बधाई दी। आयोजन की सफलता में हायर सेकेंडरी अमरकोट के प्राचार्य नारायण भोई, समन्वयक छबिलाल पटेल, नेमीचंद भोई, ऋषि प्रधान, गिरधारी पटेल सहित शिक्षकगण सुंदरलाल डडसेना, भूदेव वैष्णव, निराकार पांडेय एवं समस्त शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा।




























