रायगढ़ : यहां की मॉडल पंजीयन कार्यालय बना नागरिक सुविधाओं की मिसाल

रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी की पहल से रायगढ़ के पंजीयन कार्यालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल पंजीयन कार्यालय के रूप में विकसित किया गया है। सेवा संकल्प अभियान के तहत विकसित इस कार्यालय में पंजीयन प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाया गया है। यहां कार्यालयीन प्रक्रिया के बजाय नागरिकों की सुविधा और आवश्यकता को प्राथमिकता दी गई है।
कार्यालय में प्रवेश के साथ ही नागरिकों को मार्गदर्शन देने के लिए हेल्प डेस्क एवं रिसेप्शन की व्यवस्था है। दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच यानी प्री-चेक की सुविधा से कमियों की जानकारी पहले ही मिल जाती है, जिससे बार-बार कार्यालय आने और समय की बर्बादी से राहत मिलती है। भीड़ एवं कतार को व्यवस्थित करने के लिए टोकन आधारित कतार प्रबंधन प्रणाली लागू की गई है। मुद्रांक शुल्क, पंजीयन शुल्क एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी बोर्ड और डिजिटल डिस्प्ले के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।
डिजिटल एवं कैशलेस भुगतान की सुविधा से लेन-देन में पारदर्शिता बढ़ी है। मॉडल पंजीयन कार्यालय में प्रतिदिन औसतन 64 नागरिक सेवाएं प्राप्त कर रहे हैं, जबकि औसतन 16 दस्तावेजों का प्रतिदिन पंजीयन हो रहा है। नागरिकों का औसत प्रतीक्षा समय 15.33 मिनट दर्ज किया गया है। अब तक 105 सकारात्मक नागरिक प्रतिक्रियाएं भी प्राप्त हुई हैं।
9 चरणों में व्यवस्थित पूरी प्रक्रिया
मॉडल पंजीयन कार्यालय में पंजीयन की पूरी प्रक्रिया को नौ चरणों में व्यवस्थित किया गया है। इसमें कार्यालय में प्रवेश, हेल्प डेस्क से मार्गदर्शन, दस्तावेजों का प्री-चेक, टोकन प्राप्त करना, व्यवस्थित प्रतीक्षा, निर्धारित पंजीयन प्रक्रिया, डिजिटल अथवा कैशलेस भुगतान, दस्तावेज एवं स्टेटस की जानकारी तथा कार्य पूर्ण होने के बाद सम्मानजनक निकास शामिल है।
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधा
कार्यालय में वातानुकूलित प्रतीक्षालय, आरामदायक लाउंज, चार्जिंग स्टेशन, स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए विशेष सहायता की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा नागरिक क्यूआर कोड के माध्यम से अपने अनुभव और सुझाव सीधे साझा कर सकते हैं।
तकनीक के साथ कार्यसंस्कृति में बदलाव
सेवाओं को निर्बाध बनाए रखने के लिए समर्पित सर्वर रूम और मजबूत आईटी अधोसंरचना विकसित की गई है। मॉडल पंजीयन कार्यालय की व्यवस्था केवल आधुनिक सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सरल प्रक्रिया, तकनीकी व्यवस्था, पारदर्शिता, जवाबदेही और नागरिकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार को भी इसका हिस्सा बनाया गया है।
रायगढ़ का यह मॉडल पंजीयन कार्यालय तकनीक, सुव्यवस्थित प्रक्रियाओं और संवेदनशील कार्यसंस्कृति के माध्यम से सरकारी सेवाओं को नागरिकों के लिए अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने की दिशा में प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आया है।





























