सारंगढ:दुर्गा पूजा कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष से मारपीट, पिता-पुत्र पर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप

छिंद। गांव के छिंद बस्ती स्थित दुर्गा चौक में नवरात्रि पर्व के दौरान आयोजित हल्दी कार्यक्रम में विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। दुर्गा समिति के अध्यक्ष ने गांव के उमेश विश्वकर्मा पर टेस्टर से हमला कर घायल करने तथा उसके पिता सहनू विश्वकर्मा पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को रात करीब 10 बजे दुर्गा चौक में हल्दी कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में गांव के अनेक गणमान्य नागरिक, महिलाएं, युवतियां और बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान उमेश विश्वकर्मा के पहनावे को लेकर समिति के सदस्यों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद वह अपने घर चला गया।
आरोप है कि रात करीब 10:15 बजे उमेश अपने पिता सहनू विश्वकर्मा को लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा। दोनों ने समिति अध्यक्ष और सदस्यों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उमेश ने अपने हाथ में रखे बिजली करंट जांचने वाले टेस्टर से अध्यक्ष की बाईं आंख की भौंह के ऊपर वार कर दिया, जिससे उन्हें चोट लगी और खून निकलने लगा।
वहीं, सहनू विश्वकर्मा पर सब्जी काटने वाले पलटन को दिखाकर अध्यक्ष को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। घटना के दौरान समिति के सदस्य धनेन्द्र साहू, अनिल बरेठ, राज यादव, चरण यादव सहित अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया। शिकायतकर्ता के अनुसार, मारपीट में उनकी बाईं आंख की भौंह और नाक के पास चोट आई है।
पीड़ित ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।





























