महासमुंद:पीएम सूर्य घर योजना से चमकी घरों की छतें, बिजली बिल में बचत से खुशहाल हुए परिवार

महासमुंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी पहल के तहत संचालित पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के माध्यम से घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कर परिवार न केवल बिजली बिल में बचत कर रहे हैं, बल्कि स्वच्छ एवं अक्षय ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा दे रहे हैं।
योजना के अंतर्गत 5 किलोवाट तक के सोलर रूफटॉप सिस्टम की स्थापना पर केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये तथा राज्य सरकार की ओर से 30 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इससे सोलर पैनल लगाने की लागत कम हो रही है और आम परिवारों को लंबे समय तक आर्थिक राहत मिल रही है।
जिले में 5,471 हितग्राहियों को मिला लाभ
महासमुंद जिले में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने के लिए अब तक 9 हजार 683 नागरिकों ने आवेदन किया है। इनमें से 5 हजार 471 हितग्राही योजना से लाभान्वित हो चुके हैं। योजना के प्रति लोगों का रुझान बढ़ रहा है और घरों में सौर ऊर्जा के उपयोग से बिजली खर्च में बचत हो रही है।
हितग्राहियों ने साझा किए अनुभव
महासमुंद निवासी दिनेश साहू ने बताया कि घर में सोलर पैनल लगने के बाद उन्हें नियमित और सस्ती ऊर्जा उपलब्ध हो रही है। बिजली बिल में काफी कमी आने से परिवार की आर्थिक बचत बढ़ी है।
इसी तरह महासमुंद निवासी धनंजय जलक्षत्री ने बताया कि सोलर पैनल लगवाने पर शासन से सब्सिडी मिलने के कारण स्थापना का खर्च कम हुआ। अब उनके घर में दिनभर सौर ऊर्जा से बिजली उपलब्ध रहती है, जिससे बिजली की बचत के साथ मासिक खर्च में भी कमी आई है।
ईमली भाठा, महासमुंद निवासी गौतम साहू ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घर की छत पर सोलर पैनल लगने के बाद उनका बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है। पहले हर महीने बिजली बिल को लेकर चिंता रहती थी, लेकिन अब सौर ऊर्जा से घर की आवश्यकताएं पूरी हो रही हैं। पंखा, कूलर सहित अन्य विद्युत उपकरणों का उपयोग करने में भी सुविधा मिल रही है।
अधिक से अधिक परिवारों से जुड़ने की अपील
योजना से लाभान्वित हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अन्य परिवारों से भी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने और सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली खर्च कम करने की अपील की।






























