सांकरा:तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से मारी टक्कर, घायल महिला की इलाज के दौरान मौत

सांकरा। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर जोंक नदी पुल के आगे हुए सड़क हादसे में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में सांकरा पुलिस ने जांच के बाद बाइक चालक कलीम खान के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महासमुंद जिले के तेन्दूकोना थाना क्षेत्र के ग्राम कउहाकुड़ा, सरायपाली निवासी उर्मिला चौहान अपने पति अधीन कुमार चौहान के साथ 19 जुलाई 2026 को मोटरसाइकिल से इलाज कराने भगतदेवरी जा रही थीं। सुबह करीब 11 बजे सांकरा के पास जोंक नदी पुल पार करने के बाद पीछे से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उर्मिला चौहान गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल महिला को उपचार के लिए पहले सांकरा के शासकीय अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें पिथौरा और फिर झलप रेफर किया गया। बाद में 20 जुलाई को उन्हें बेहतर इलाज के लिए महासमुंद के महानदी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 23 जुलाई की रात करीब 11:48 बजे उनकी मौत हो गई।
मर्ग जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर दुर्घटना करने वाली मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HA 3342 के चालक की पहचान सांकरा निवासी कलीम खान के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए पीछे से टक्कर मारी थी, जिससे महिला को गंभीर चोटें आईं और उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
जांच के आधार पर सांकरा पुलिस ने आरोपी कलीम खान के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 106(1) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
























