महासमुंद:पैसे देने से इनकार करने पर युवक पर धारदार वस्तु से हमला, जान से मारने की धमकी

महासमुंद। पैसे देने से इनकार करने पर गाली-गलौज कर युवक पर धारदार वस्तु से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना 18 अक्टूबर की रात महासमुंद के सुभाष नगर स्थित शिव मंदिर जग्गू गली के पास की बताई गई है। मामले में पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गांजर थाना बागबाहरा निवासी युवक करीब एक माह से अपने मामा के घर रहकर मजदूरी का काम कर रहा था। 18 अक्टूबर की रात खाना खाने के बाद वह अपने मामा के बेटे जीवन लाल चंद्राकर के साथ पड़ोस में चित्रू गाडा के घर जसगीत सुनने गया था। रात करीब 9 बजे वापस लौटते समय शिव मंदिर जग्गू गली के पास पड़ोस में रहने वाला सुधांश गाडा पिता मोहन गाडा मिला। आरोप है कि सुधांश ने आवश्यक काम का हवाला देकर युवक से पैसे मांगे। युवक द्वारा पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपी आवेश में आ गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने अपने पास रखी किसी धारदार वस्तु से उस पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान उसके बाएं हाथ की हथेली और मध्यमा उंगली में चोट आई। इस दौरान मामा के बेटे जीवन लाल चंद्राकर सहित अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया। पीड़ित ने घटना के संबंध में शिकायत दर्ज कराकर उचित कार्रवाई की मांग की है।





























