महासमुंद:गाली-गलौज का विरोध करने पर तीन भाइयों पर हमला, नुकीले हथियार से युवक घायल

महासमुंद। शहर के गुडरूपारा स्थित शिव चौक वार्ड क्रमांक 18 में गाली-गलौज का विरोध करना एक परिवार को महंगा पड़ गया। विरोध करने पर तीन युवकों ने दो भाइयों के साथ मारपीट कर दी, जिसमें एक युवक नुकीले हथियार के हमले से घायल हो गया।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, वार्ड क्रमांक 18 निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि 24 जुलाई 2026 को सुबह करीब 10 बजे मोहल्ले के शुभम ढीमर, गुलशन ढीमर और नारायण ढीमर सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज कर रहे थे। उन्हें ऐसा करने से मना करने पर तीनों आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया।
शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे पिंटू जलछत्री और प्रेमलाल जलछत्री के साथ भी आरोपियों ने कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। शिकायत में आरोप है कि शुभम ढीमर ने किसी नुकीले वस्तु से पिंटू जलछत्री पर हमला कर दिया, जिससे उसके दाहिने कान और सिर पर चोट आई। वहीं प्रेमलाल जलछत्री के माथे और हाथ में भी चोटें आई हैं।
घटना के दौरान आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





























