महासमुंद:सोरिद में दिनदहाड़े सूने घर का ताला तोड़कर 84 हजार की चोरी

महासमुंद। ग्राम सोरिद में अज्ञात चोर ने एक किसान के नए मकान का ताला तोड़कर करीब 84 हजार रुपये कीमत के नकदी व जेवरात चोरी कर लिए। घटना 7 सितंबर की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सोरिद निवासी किसान सुबह करीब 8.30 बजे अपने नए घर में ताला लगाकर परिवार के साथ पुराने घर गए थे। इसके बाद परिवार सहित खेत में काम करने चले गए। शाम को वापस लौटने पर नए घर के दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो गोदरेज खुला हुआ था।
जांच करने पर गोदरेज में रखे 7 हजार रुपये नकद, चांदी का लच्छा, दो पायल, दो बाजूबंद, एक हाफ करधन तथा सोने का मंगलसूत्र गायब मिला। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 84 हजार रुपये बताई गई है। पड़ोसी सावित्री यादव ने बताया कि दोपहर करीब 1 बजे घर की ओर से कुछ आवाजें सुनाई दी थीं। आसपास तलाश करने के बाद भी चोर का पता नहीं चला। मामले में पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



























