सरायपाली:इंस्टाग्राम पर दोस्ती, डबल मनी के नाम पर महिला से लाखों की ठगी का आरोप

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, डबल मनी के नाम पर महिला से 32 तोला सोना और 4.62 लाख की ठगी का आरोप
सरायपाली। नगर के बस्ती सरायपाली निवासी 31 वर्षीय महिला ने एक युवक पर इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क कर पैसा डबल करने का झांसा देकर लाखों रुपये और सोने के आभूषण ठगने का आरोप लगाया है। महिला ने मामले में थाना सरायपाली में लिखित शिकायत देकर आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई और अपनी राशि व सोना वापस दिलाने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार महिला बीएड, एमए तक शिक्षित है और गृहणी है। इंस्टाग्राम चलाने के दौरान उसकी पहचान यशवंत नायक उर्फ संजू पिता गजेंद्र नायक, निवासी ग्राम जलपुर से हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने पैसा डबल करने का झांसा दिया। महिला के मुताबिक उसने अलग-अलग तारीखों में फोन-पे के माध्यम से कुल 2 लाख 62 हजार 200 रुपये तथा 2 लाख रुपये नकद आरोपी को दिए।
महिला ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने सोना देने के लिए भी दबाव बनाया। उसके अनुसार 24 मार्च को 6.6 तोला, 27 मार्च को 10 तोला का बड़ा हार, डेढ़ तोला चैन, 10 अप्रैल को 10 तोला के कर्णफूल, चैन व माला, 17 अप्रैल को 2.50 तोला मंगलसूत्र व पदक, 5 मई को डेढ़ तोला के मंगलसूत्र, पदक एवं अंगूठी तथा 8 जून को डेढ़ तोला सोने का सुई-धागा लिया गया। इस प्रकार कुल 32 तोला सोना लेने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने घटना की जानकारी पति, सास-ससुर को देने पर जान से मारने की धमकी देकर दबाव बनाया। बाद में महिला ने हिम्मत जुटाकर परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद सामाजिक बैठक भी हुई, जिसमें आरोपी द्वारा सोना और फोन-पे से ली गई रकम वापस करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन शिकायत के अनुसार आज तक राशि और सोना वापस नहीं किया गया।
महिला ने थाना प्रभारी से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा उसका सोना एवं राशि वापस दिलाने की मांग की है।





























