महासमुंद: यहां की महिला लापता, मायके जाने की बात कहकर निकली थी

महासमुंद। ग्राम बिरकोनी निवासी सावित्री सहिस (33) मायके जाने की बात कहकर घर से निकली, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। पति की शिकायत पर महासमुंद थाना पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सावित्री के पति ने बताया कि 3 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे उसकी पत्नी सावित्री सहिस अपने मायके ग्राम बाहनाकाडी, मंदिरहसौद जाने की बात कहकर घर से निकली थी। कुछ देर बाद पति ने फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद मायके में फोन कर जानकारी ली गई तो परिजनों ने बताया कि सावित्री वहां पहुंची ही नहीं है।
परिजनों और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बाद भी महिला का पता नहीं चल सका। इसके बाद 7 सितंबर को पति ने महासमुंद थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने बताया कि लापता महिला की ऊंचाई करीब 5 फीट, गोल चेहरा, काले बाल, सांवला रंग और सामान्य शारीरिक स्थिति है। वह साड़ी पहने हुए है। महिला अनपढ़ है और छत्तीसगढ़ी बोलती है। उसकी बाएं हाथ पर गोदने से ‘सावित्री’ लिखा हुआ है। पुलिस द्वारा महिला की तलाश की जा रही है।



























