तुमगांव:अज्ञात वाहन की टक्कर से व्यक्ति की मौत पढ़े पूरी खबर

तुमगांव। थाना तुमगांव क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में अज्ञात पुरुष की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की उम्र करीब 50 से 55 वर्ष बताई गई है, जिसकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तुमगांव से अस्पताल मेमो प्राप्त हुआ, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति को वाहन दुर्घटना के बाद मृत अवस्था में अस्पताल लाए जाने की सूचना दी गई। सूचना पर थाना तुमगांव में मर्ग क्रमांक 66/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर शव पंचनामा कार्रवाई की गई तथा शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृत्यु वाहन दुर्घटना से होना बताया। मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि अज्ञात वाहन चालक द्वारा वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाने के कारण अज्ञात व्यक्ति को चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई।
जांच के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान और दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है।



























