तुमगांव:तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल, पैर में डली रॉड

तुमगांव। नगर पंचायत तुमगांव के वार्ड नं. 08 निवासी नरेश पुरैना ने कार चालक के खिलाफ सड़क दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार 22 अगस्त 2026 को सुबह करीब 11:30 से 12 बजे के बीच उनका पुत्र योगेश पुरैना अपने मित्र मनीष मांडले के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 NR 4730 से बंगलापारा से तुमगांव चौक की ओर जा रहा था। मोटरसाइकिल मनीष मांडले चला रहा था।
बताया गया कि भोज टेलर तुमगांव के घर के पास वार्ड नं. 11 में कार क्रमांक CG 06 GA 5500 के चालक ने वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए मोटरसाइकिल को साइड से टक्कर मार दी। हादसे में योगेश पुरैना के दायें पैर व दायें हाथ में चोट आई, जबकि मनीष मांडले की बाईं आंख के ऊपर चोट लगी।
दोनों घायलों को 112 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अकाल पुरख अस्पताल महासमुंद रेफर किया गया। योगेश को उपचार के दौरान अस्पताल में भर्ती रखा गया और उसके दायें पैर में गंभीर चोट होने के कारण रॉड डालकर ऑपरेशन किया गया। फिलहाल वह चलने-फिरने में असमर्थ बताया गया है और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उसका उपचार जारी है।
पीड़ित के पिता ने बताया कि पुत्र के उपचार में व्यस्त रहने के कारण रिपोर्ट दर्ज कराने में विलंब हुआ। पुलिस ने कार चालक के विरुद्ध धारा 281, 125(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। घटना के समय विजय कुमार बांधे निवासी तुमगांव भी मौके पर उपस्थित बताया गया है।





























