महासमुंद:नाबालिग विद्यार्थियों के वाहन चलाने पर सख्ती, स्कूलों में विशेष जांच अभियान

महासमुंद। अपर परिवहन आयुक्त के निर्देश के परिपालन में जिला परिवहन अधिकारी श्री प्रतीक शुक्ला द्वारा 18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थियों के दोपहिया वाहन चलाने के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सभी विद्यालयों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महर्षि विद्या मंदिर, मचेवा में निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में किसी भी छात्र-छात्रा द्वारा दोपहिया वाहन का उपयोग करते हुए नहीं पाया गया। जिला परिवहन अधिकारी श्री शुक्ला ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए ड्राइविंग लाइसेंस बनाने, हेलमेट का उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई।
परिवहन विभाग के श्री निर्मलकर ने भी छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए वाहन चलाते समय नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने की अपील की।





























