बसना:पिरदा महाविद्यालय में 374 किस्म के संरक्षित पौधों की प्रदर्शनी

बसना। पिरदा महाविद्यालय में वनस्पतियों की विविधता, संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से वनस्पतियों की प्रदर्शनी आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. अमृत लाल पटेल के निर्देशन एवं सेवानिवृत्त व्याख्याता श्री संकर्षण पटेल के मार्गदर्शन में किया गया। प्रदर्शनी में विभिन्न प्रजातियों के 374 किस्म के संरक्षित पौधों को विद्यार्थियों के अवलोकन के लिए प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त व्याख्याता श्री संकर्षण पटेल ने विद्यार्थियों को वनस्पतियों के महत्व एवं पर्यावरण संरक्षण में उनकी भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
प्राचार्य डॉ. अमृतलाल पटेल ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ प्रकृति एवं जैव विविधता को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
प्रदर्शनी के आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी मकरध्वज राणा एवं वनस्पतिशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शबनम खातून की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न वनस्पतियों की पहचान, उनके संरक्षण एवं पर्यावरणीय महत्व से परिचित कराया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रजातियों के संरक्षित पौधों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी विद्यार्थी एवं स्टॉफ उपस्थित रहे।





























