तेन्दूकोना:कमरछठ पूजा देखने गए ग्रामीण से चार लोगों ने की मारपीट, आंख व शरीर में आई चोट

महासमुंद/तेन्दूकोना। ग्राम जगदल्ला में कमरछठ पूजा देखने गए एक ग्रामीण के साथ गाली-गलौज कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 296, 115(2), 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम जगदल्ला निवासी गिरधारी चक्रधारी (46) खेती-किसानी का काम करता है। उसने शिकायत में बताया कि 2 सितंबर की शाम करीब 6 बजे वह अपने घर के पास रंगमंच के पास कमरछठ पूजा देख रहा था। इसी दौरान गांव का अजय चक्रधारी उसके पास आया और किसी को मारने की बात कही। इस पर गिरधारी ने कथित तौर पर उसे जिसे मारने का शौक है, उसे मारने की बात कही, जिससे अजय ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-झापड़ से मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत के मुताबिक, इसके बाद अजय के पिता प्रमोद चक्रधारी, गोपी चक्रधारी और ओमप्रकाश चक्रधारी भी वहां पहुंचे और चारों ने मिलकर हाथ-झापड़, लात-घूंसे तथा चप्पल से मारपीट की। मारपीट में गिरधारी के बाईं आंख के नीचे सिर, दाहिनी बांह तथा छाती के नीचे चोट आई। उसके छोटे भाई रूपचंद चक्रधारी ने बीच-बचाव किया। घटना को रुद्र कुमार चक्रधारी और हीरालाल चक्रधारी द्वारा देखे-सुने जाने की बात शिकायत में कही गई है।
घायल का इलाज कराया गया, जिसके कारण रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी हुई। चौकी बुंदेली पुलिस ने देहाती नालसी के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






























