महासमुंद:घोड़ारी मोड़ पर खड़ी स्कूल बस को अज्ञात ट्रक ने मारी टक्कर, चालक फरार

महासमुंद। पिथमपुर से संबलपुर जा रही एक स्कूल बस को घोड़ारी मोड़ के पास अज्ञात ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बस क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत बिरकोनी की ओर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, इंदौर निवासी बस चालक पिथमपुर स्थित फोर्स मोटर लिमिटेड में ड्रायवरी का काम करता है। वह 1 सितंबर की शाम पिथमपुर-इंदौर से स्कूल बस को लेकर संबलपुर स्थित टाटा नगर इंटरप्राइजेस शोरूम छोड़ने जा रहा था। 3 सितंबर की रात करीब 1:15 बजे एनएच-53 रोड पर घोड़ारी मोड़, ग्राम घोड़ारी के पास बस में खराबी आ गई। चालक ने बस की इंडिकेटर लाइट चालू कर उसे सड़क किनारे खड़ा किया था।
इसी दौरान रायपुर की ओर से आ रहे अज्ञात ट्रक चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बस के पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से बस आगे लगे बिजली के लोहे के खंभे से जा टकराई। हादसे में बस के आगे और पीछे दोनों हिस्सों में नुकसान हुआ। वहीं दुर्घटना के बाद ट्रक चालक बिरकोनी की ओर फरार हो गया। मामले में बस चालक ने पुलिस से अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



























