
तेन्दूकोना। ग्राम सम्हर में पुरानी आपसी बात को लेकर विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने डंडे से हमला कर दो लोगों को घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सम्हर निवासी शिकायतकर्ता 4 सितंबर की रात करीब 8.30 बजे अपने घर में खाना खाकर आराम कर रहा था। इसी दौरान घर के सामने हो-हल्ला सुनकर बाहर आया। वहां उसकी पत्नी इवती साहू ने बताया कि गांव का महेश निषाद उर्फ मिथुन (35) पुरानी आपसी बात को लेकर उसके छोटे भाई डोमुराम साहू से विवाद करते हुए गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दे रहा था।
आरोप है कि महेश निषाद ने डंडे से डोमुराम साहू के सिर पर दो-तीन बार जोरदार वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और नाक-मुंह से काफी खून बहने लगा। बीच-बचाव करने पहुंचे गुनेश साहू के साथ भी आरोपी ने डंडे से मारपीट की, जिससे उसके पैर और सिर में चोट आई।
घायलों को परिजनों व ग्रामीणों ने निजी चारपहिया वाहन से बागबाहरा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल डोमुराम साहू को हायर सेंटर रेफर किए जाने पर रायपुर स्थित रामकृष्ण केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना के दौरान इवती साहू, जागेन्द्र साहू, गुनेश साहू सहित गांव के अन्य लोगों ने घटना देखी। बताया गया कि महेश निषाद द्वारा पूर्व में भी गांव में दो-तीन बार लड़ाई-झगड़ा और मारपीट किए जाने की बात सामने आई थी तथा ग्रामीणों ने उसे समझाइश दी थी। 5 सितंबर को सरपंच किशोर साहू, ग्राम कोषाध्यक्ष दीपक नायक सहित ग्रामीणों के साथ थाना तेन्दूकोना पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।



























