महासमुंद

महासमुंद:तेंदूपत्ता संग्राहकों के परिवारों को बीमा-सामाजिक सुरक्षा का सहारा, मेधावी बच्चों को शिक्षा के लिए लाखों की मदद

महासमुंद। छत्तीसगढ़ शासन की मंशा के अनुरूप तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों को आर्थिक सुरक्षा, सामाजिक संरक्षण और बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिले में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। जिला वनोपज सहकारी संघ मर्यादित, महासमुंद के माध्यम से पात्र संग्राहक परिवारों को बीमा, सामाजिक सुरक्षा एवं शिक्षा प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
राजमोहिनी देवी तेंदूपत्ता संग्राहक बीमा योजना के तहत 18 से 50 वर्ष तक की आयु वाले संग्राहक परिवार के मुखिया की सामान्य मृत्यु पर नामांकित व्यक्ति अथवा उत्तराधिकारी को 2 लाख रुपये की सहायता दी जाती है। दुर्घटना से मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता, पूर्ण निःशक्तता पर 2 लाख रुपये तथा आंशिक निःशक्तता पर 1 लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है। वहीं 50 से 59 वर्ष की आयु के संग्राहक परिवार के मुखिया की सामान्य मृत्यु पर 30 हजार, दुर्घटना से मृत्यु पर 75 हजार तथा पूर्ण निःशक्तता पर 37 हजार 500 रुपये की सहायता दी जाती है। महासमुंद जिला यूनियन अंतर्गत राजमोहिनी देवी तेंदूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत अब तक 1,067 हितग्राहियों को कुल 16 करोड़ रुपये की सहायता राशि का भुगतान किया जा चुका है। सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 618 हितग्राहियों को 74 लाख 16 हजार रुपये की दावा राशि भी प्रदान की गई है।
बच्चों की शिक्षा को मिल रहा प्रोत्साहन
तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिभाशाली शिक्षा प्रोत्साहन योजना संचालित है। इसके तहत कक्षा 10वीं में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 15 हजार रुपये तथा कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है। जिले में 10वीं एवं 12वीं के 582 विद्यार्थियों को कुल 1 करोड़ 8 लाख 80 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई है।
इसी तरह गैर व्यावसायिक शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत बीए, बीकॉम, बीएससी जैसे मान्यता प्राप्त स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले चयनित विद्यार्थियों को तीन वर्षों में कुल 12 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इस योजना के तहत 45 छात्र-छात्राओं को 2 लाख 6 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं।
व्यावसायिक शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत इंजीनियरिंग, मेडिकल, विधि, एमबीए सहित मान्यता प्राप्त व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में अध्ययन करने वाले चयनित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाती है। योजना के तहत जिले में 3 विद्यार्थियों को कुल 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है।
मेधावी विद्यार्थियों को भी पुरस्कार
तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के मेधावी बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए मेधावी छात्रवृत्ति पुरस्कार योजना संचालित है। इसके तहत कक्षा 8वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 2 हजार, कक्षा 10वीं में 2 हजार 500 तथा कक्षा 12वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 3 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है। जिले में कक्षा 10वीं के 37 विद्यार्थियों को 92 हजार 500 रुपये तथा कक्षा 12वीं के 31 विद्यार्थियों को 93 हजार रुपये, इस प्रकार कुल 68 विद्यार्थियों को 1 लाख 85 हजार 500 रुपये की राशि प्रदान की गई है।
इन योजनाओं के माध्यम से तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों को विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक सहायता के साथ-साथ उनके बच्चों को उच्च एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!